Domestic·

2047 तक यूपी के 20% हिस्से पर होगी हरियाली, योगी सरकार ने बनाया मास्टर प्लान

2047 तक यूपी के 20% हिस्से पर होगी हरियाली, योगी सरकार ने बनाया मास्टर प्लान
Source:jagran

उत्तर प्रदेश सरकार ने 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश 2047' विजन के तहत 2047 तक हरित आवरण को 20% तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है, जो वर्तमान में 9.96% है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बदलते मौसम, बढ़ते तापमान, घटते भूजल स्तर और वायु प्रदूषण जैसी चुनौतियों के बीच प्रदेश सरकार ने हरियाली को विकास का आधार बनाने का संकल्प लिया है। 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश 2047' के विजन के तहत प्रदेश सरकार ने वर्ष 2047 तक हरित आवरण को 20 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए वर्ष 2030 तक हरित आवरण 15 प्रतिशत करने का मध्यवर्ती लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। वर्तमान में हरित आवरण मात्र 9.96 प्रतिशत है। सरकार की रणनीति केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाना है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। पिछले 10 वर्षों में सरकार ने 282 करोड़ पौधे लगाने का दावा किया है और अगले पांच वर्षों में 175 करोड़ पौधे और लगाने की योजना है। वन विभाग के अनुसार इन पौधों के विकसित होने पर लगभग 72 मिलियन टन कार्बन डाइऑक्साइड के अवशोषण की क्षमता विकसित होगी, जिससे जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में मदद मिलेगी। विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन से ही यूपी बनेगा विकसित वन विभाग ने महाअभियान को एक दिन तक सीमित न रखते हुए सितंबर तक विषय आधारित पौधारोपण कार्यक्रमों की श्रृंखला तैयार की है। विशेषज्ञों का मानना है कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन का स्रोत नहीं, बल्कि जल संरक्षण, मिट्टी के कटाव की रोकथाम, जैव विविधता के संरक्षण और बढ़ती गर्मी से राहत का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। गांवों में पेड़ किसानों की आय बढ़ाने, शहरों में प्रदूषण कम करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाते हैं। सरकार का मानना है कि विकसित उत्तर प्रदेश का सपना तभी साकार होगा, जब विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन कायम रहेगा। इसी सोच के साथ पौधारोपण को सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व और जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। हर नागरिक यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो 2047 तक हरित और समृद्ध उत्तर प्रदेश का लक्ष्य हासिल करना आसान होगा। पौधे सिर्फ पर्यावरण नहीं, जीवन का हैं निवेश पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना कहते हैं कि एक परिपक्व पेड़ वर्षों तक ऑक्सीजन देता है, भूजल संरक्षण में मदद करता है, तापमान कम करता है और जैव विविधता को सहारा देता है। यही वजह है कि पौधारोपण को अब केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की साझा जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है। पौधे सिर्फ पर्यावरण नहीं बल्कि जीवन का निवेश हैं। यह भी पढ़ें- यूपी में कम एडमिशन पर छह ITI में बदले कोर्स, पुराने पाठ्यक्रम बंद कर नए चलाने की प्रक्रिया शुरू

This is a summary. Read the full article at the original source.

Read full article at jagran