राजस्थान में कल तेज बारिश और ओले गिरने की चेतावनी:जैसलमेर के कई इलाकों में हुई बूंदाबांदी, पारा अक्टूबर में भी 39 डिग्री
राजस्थान में नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव 24 अक्टूबर से होने की संभावना है। इससे श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर एरिया में बारिश, ओलावृष्टि होने की संभावना है। बीते 24 घंटे में प्रदेश के अधिकतर इलाकों में मौसम ड्राई रहा। सबसे ज्यादा तापमान जैसलमेर में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि देर शाम जैसलमेर के कई इलाकों में बादल छाए और बूंदाबांदी हुई। फलोदी के आसपास भी आसमान में बादल छाए। मौसम के बड़े अपडेट्स पश्चिमी जिलों में हल्की गर्मी: राजस्थान के पश्चिमी जिलों में अब भी गर्मी है। अक्टूबर में तापमान 39 डिग्री तक रिकॉर्ड हो रहा है। गुरुवार को जैसलमेर सबसे ज्यादा गर्म रहा। वहीं, बाड़मेर में पारा 38.6 डिग्री सेल्सियस और जोधपुर में 37.3 डिग्री रहा। ठंडी हुई रातें, पारा 20 डिग्री से नीचे: रात में हल्की ठंडक शुरू हो गई। सीकर, पिलानी, टोंक, भीलवाड़ा समेत कई शहरों का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हो रहा है। माउंट आबू में गुरुवार रात में सबसे ज्यादा ठंडक रही। जहां न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अब आगे क्या?: मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने शुक्रवार से राज्य में मौसम ड्राई रहने और धूप निकलने की संभावना जताई है। इसके बाद राज्य में 24 अक्टूबर से फिर नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना है। इसके असर से मौसम में फिर से बदलाव हो सकता है। इस सिस्टम का असर बीकानेर संभाग के एरिया में दिखेगा। राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल जयपुर: राजधानी में गुरुवार को दिनभर आसमान साफ रहा और धूप रही। हालांकि देर शाम विद्याधर नगर, वैशाली नगर, झोटवाड़ा समेत आसपास एरिया में हल्के बादल छाए। जयपुर में धूप रहने से तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उदयपुर: लेकसिटी में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के तापमान में कमी के साथ शाम ढलने के बाद सर्दी का अहसास होने लगा है। अजमेर: शहर में गुरुवार को दिनभर गर्मी का असर रहा। अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले में सुबह और शाम को हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। अलवर: शहर में मौसम सामान्य बना हुआ है। सुबह से आसमान साफ रहने और मौसम सामान्य रहने के बाद दिन में हल्की गर्मी महसूस हुई। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि सुबह और शाम हल्की ठंडक है। मौसम विभाग के अनुसार 25 अक्टूबर से तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है। जोधपुर: शहर में अक्टूबर के अंतिम दिनों में भी गर्मी का असर बना हुआ है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है। सीकर: शहर में गुरुवार को पूरे दिन मौसम साफ रहा। तेज धूप की वजह से गर्मी रही। हवा नहीं चलने की वजह से रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई। अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में दिन-रात का तापमान स्थिर बना हुआ है। कोटा: शहर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक गया। कोटा में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। वहीं न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री रहा। दिनभर तेज धूप के कारण गर्मी है। हालांकि, बीते दो दिन से शाम के मौसम में बदलाव होने लगा है।
This is a summary. Read the full article at the original source.

