अर्धनिर्मित मकान में मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, जांच में जुटी घाघरा पुलिस

ग्रामीणों के अनुसार मनोज आंशिक रूप से विक्षिप्त था तथा शराब का अत्यधिक सेवन करता था
पंकज कुमार/न्यूज11 भारत घाघरा/डेस्क: घाघरा थाना क्षेत्र के जलका बंसी टोली गांव में बुधवार सुबह एक लगभग 40 वर्षीय व्यक्ति का शव अर्धनिर्मित मकान से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही घाघरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच की जा रही है. मृतक की पहचान मनोज उरांव (लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार मनोज उरांव वर्तमान में शिवराजपुर में अपने परिजनों के साथ नया घर बनाकर रह रहा था. करीब 15 दिन पहले वह जलका बंसी टोली स्थित अपने पुराने घर में आकर रहने लगा था. ग्रामीणों के अनुसार मनोज आंशिक रूप से विक्षिप्त था तथा शराब का अत्यधिक सेवन करता था. पिछले 15 दिनों से उसे प्रतिदिन नशे की हालत में गांव में घूमते देखा जा रहा था. मंगलवार की शाम भी वह शराब के नशे में धुत दिखाई दिया था. बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के एक अर्धनिर्मित मकान में उसका शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना घाघरा थाना पुलिस को दी गई. परिजनों ने भी पुलिस को बताया कि मनोज शराब पीने का आदी था और जलका बंसी टोली आने के बाद से लगभग हर दिन नशे की हालत में रहता था. थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है. वही थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने कहा- सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है." यह भी पढ़ें: डुमरी-गुमला मुख्य मार्ग के भीखमपुर मोड़ व डुमरी बस्ती में जलजमाव से बढ़ी परेशानी, स्कूली बच्चों-राहगीरों का चलना मुश्किल
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at news11bharat
