बीसलपुर से महाकाल तक आस्था की 400 किमी पदयात्रा:गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने उज्जैन जा रहे पदयात्री, बूंदी में स्वागत
शिवभक्त बंटी नाथ का रविवार को बूंदी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। वे गोकर्णेश्वर महादेव बीसलपुर से 11 लीटर पवित्र जल लेकर उज्जैन स्थित श्री महाकाल धाम के लिए लगभग 400 किलोमीटर की पदयात्रा पर निकले हैं। खेड़ा के बालाजी स्थान पर नाथ समाज के सदस्यों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने उनका पुष्पमालाएं पहनाकर और साफा बंधवाकर सम्मान किया। उपस्थित लोगों ने उनकी आस्था और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए यात्रा के सफल समापन की कामना की। बंटी नाथ ने बताया कि उनकी पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। वे प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और सर्वजन कल्याण की मंगलकामना के साथ इस यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना, राष्ट्रहित और गौसंरक्षण के प्रति जनजागरण का संदेश भी देती है। स्वागत समारोह में मोहन योगी, कैलाश योगी, हंसराज योगी, भगवान नाथ, घनश्याम योगी, शिखर पंचोली, रोहन गुर्जर सहित नाथ समाज के कई सदस्य और शहर के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। सभी ने बंटी नाथ की यात्रा की सफलता और उनके संकल्प की सिद्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
ONLY AVAILABLE IN PAID PLANS
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at bhaskar_hindi
