ब्यावर के जैतारण में 6 इंच बरसात:जैसलमेर-बाड़मेर में पारा 4 डिग्री तक गिरा; आज से मानसून का कमजोर दौर शुरू
राजस्थान में रविवार को पाली, अजमेर, जोधपुर, बाड़मेर सहित पश्चिम के कई हिस्सों में अच्छी बरसात हुई। सबसे ज्यादा बरसात ब्यावर के जैतारण में 146MM (5.50 इंच से ज्यादा) दर्ज हुई। तेज बारिश से जैतारण, ब्यावर, अजमेर के आसपास कई क्षेत्रों में पानी भर गया। उधर, अगले एक सप्ताह (आज से) मानसून के कमजोर रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- मानसून ट्रफ लाइन रविवार को उत्तर की तरफ शिफ्ट हो गई। इससे अब जोधपुर, उदयपुर, कोटा संभाग के जिलों में बारिश में कमी होगी। हालांकि 3 से 5 अगस्त के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां चलेंगी। राजस्थान में बारिश की स्थिति... मानसून के बड़े अपडेट्स कहां कितनी हुई बारिश रविवार (2 अगस्त) पाली के रोहट में 67, रायपुर में 54, भीलवाड़ा के डाबला में 42, बिजौलिया में 36, कछौला में 26, बूंदी के इंद्रगढ़ में 17, तालेड़ा में 11 और बूंदी शहर में 20 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा अजमेर में 27, सरवर में 35, जवाजा में 38, जोधपुर के कुड़ी भगतासनी में 49, लूणी में 30, बापिनी में 28, राजसमंद के खमनोर में 45, टोंक के देवली, टोडारायसिंह में 14-14 मिमी, नागौर के देह में 26, जैसलमेर के देवीकोट में 12, पोकरण, रामगढ़ में 10-10, चित्तौड़गढ़ के राशमी में 30, गंगरार में 14, डूंगरपुर के आसपुर में 11 MM बरसात हुई। वहीं उदयपुर, सिरोही, प्रतापगढ़, कोटा, दौसा, बीकानेर, बारां जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश से पारा 4 डिग्री तक गिरा पश्चिमी जिलों में बारिश होने के साथ ही तापमान में गिरावट हुई। जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर के एरिया में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 34.1, जोधपुर में 32.5, बीकानेर में 36.2, चूरू में 37.6, श्रीगंगानगर में 38.9, हनुमानगढ़ में 35.2, सीकर, अलवर में 34 और दौसा में 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजस्थान के ये शहर सबसे गर्म रहे राजस्थान के मौसम की PHOTOS... बड़े शहरों के मौसम का हाल अजमेर: रविवार सुबह से लेकर शाम तक रुक-रुक कर रिमझिम बारिश का दौर चला। दिनभर घने बादल छाए रहे और प्रसिद्ध नागपहाड़ी बादलों की ओट में छिपी नजर आई। बारिश के कारण शहर के जेएलएन मेडिकल कॉलेज चौराहे पर भारी जलभराव हो गया, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई। जिले का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बीते 24 घंटों में शाम साढ़े पांच बजे तक 23.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अलवर: रविवार को सुबह से ही मौसम के कई रंग देखने को मिले। आसमान में कभी घने बादल छाए रहे, तो कभी तेज धूप निकलने से उमस और गर्मी का असर बढ़ गया। दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच अलवर वासियों को अच्छी बारिश का इंतजार रहा। रविवार भी सूखा रहा। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक जिले में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना बनी रहेगी। उदयपुर: रविवार को मौसम का मिलाजुला असर रहा। अलसुबह जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिसके बाद दिनभर काली घटाएं छाई रहीं। ठंडी हवा चलने से मौसम सुहावना बना रहा। दिन में तेज बारिश नहीं हुई। मौसम में आए इस बदलाव के कारण दिन के अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे पारा 30.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। कोटा: रविवार को मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप खिली रही। इसके चलते पारे में उछाल दर्ज किया गया। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले शनिवार को हुई बारिश के कारण अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था, लेकिन रविवार को बारिश न होने से दिनभर उमस और गर्मी ने लोगों को सताया। जयपुर: राजधानी के कई इलाकों में सोमवार सुबह हल्की बारिश हुई। उधर, रविवार को दिनभर बादल छाए रहे। कई जगह छितराई बारिश हुई। शहर में अधिकतम तापमान 32.4°C और न्यूनतम तापमान 26.9°C डिग्री रहा। रविवार सुबह 8:30 बजे तक 2.2 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। जोधपुर: रविवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। तेज बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या खड़ी हो गई। मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल के सामने की मुख्य सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई, जिससे मरीजों और एम्बुलेंस चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा लूणी कस्बे की गलियां और चौपासनी हाउसिंग बोर्ड इलाके के पार्क भी पानी से पूरी तरह लबालब हो गए। सीकर: रविवार को दिनभर बादलों का डेरा रहा। ठंडी हवाएं चलने के कारण लोगों को उमस और तीखी गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली। सीकर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में 5 अगस्त तक भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद मौसम बदल सकता है। अच्छी बारिश के आसार बन सकते हैं।
ONLY AVAILABLE IN PAID PLANS
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at bhaskar_hindi
