किराये पर दी 79.65 लाख की मशीन नहीं लौटाई:अलीगढ़ में संचालिका पर एफआईआर, मशीन वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दिलाने का आरोप
करीब 79.65 लाख रुपए कीमत की मशीन किराये पर लेकर वापस नहीं करने के मामले में महुआखेड़ा थाने में बुधवार को एफआईआर दर्ज की गई है। धनीपुर मंडी स्थित अल्फा प्रोजेक्ट्स के प्रोपराइटर मनोज कुमार सिंह ने ममता सिंह पर अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने, मशीन अपने कब्जे में रखने और किराया नहीं देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि मशीन वापस मांगने और बकाया किराया चुकाने के लिए कहने पर उन्हें असामाजिक तत्वों के जरिए जान से मारने की धमकी भी दिलाई गई। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, मनोज कुमार सिंह ने अपनी HDDZT-32K मशीन ममता सिंह पत्नी स्व. प्रदीप सिंह, निवासी खरई शेखूपुर, हरदुआगंज को किराये पर दी थी। मशीन किराये पर देने के लिए 1 नवंबर 2025 से 30 सितंबर 2026 तक की अवधि तय की गई थी। इस संबंध में 11 दिसंबर 2025 को 100-100 रुपये के दो स्टांप पेपर पर लिखित एग्रीमेंट किया गया था। बिना सूचना दूसरी साइट पर नहीं ले जानी थी मशीन अनुबंध की शर्तों के अनुसार, मशीन का मासिक किराया समय से देना था। मशीन को किसी अन्य व्यक्ति को किराये पर नहीं दिया जा सकता था और बिना सूचना एक साइट से दूसरी साइट पर ले जाने पर भी रोक थी। मशीन के संचालन, रखरखाव, मरम्मत और बीमा कराने की जिम्मेदारी ममता सिंह की बताई गई है। अनुबंध के पालन के लिए चार सुरक्षा चेक भी दिए गए थे। मनोज सिंह का आरोप है कि मशीन का समुचित रखरखाव नहीं किया गया और उसका बीमा भी नहीं कराया गया। फोन बंद मिला, व्हाट्सएप पर भी जवाब नहीं तहरीर में कहा गया है कि मशीन वापस लेने और किराया मांगने के लिए कई बार मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन लगातार बंद मिला। व्हाट्सएप के माध्यम से भी मशीन लौटाने और बकाया किराया देने के संदेश भेजे गए, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि सितंबर 2026 का 77 हजार रुपये किराया 10 सितंबर तक दिया जाना था, लेकिन इसका भुगतान नहीं किया गया। मशीन की कीमत करीब 80 लाख रुपये मनोज सिंह ने तहरीर में मशीन की कीमत करीब 79 लाख 65 हजार रुपये बताई है। उनका आरोप है कि ममता सिंह ने बेईमानी से मशीन अपने कब्जे में रख ली है। मशीन वापस मांगने और बकाया किराया मांगने पर जान से मारने की धमकी दिलाने का भी आरोप लगाया गया है। इससे पीड़ित ने अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। बुधवार को महुआखेड़ा थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद मामले में पुलिस की कार्रवाई की जाएगी।
This is a summary. Read the full article at the original source.

