कैथल में ACB का बड़ा एक्शन, बिजली निगम का क्लर्क 5 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो ने मौके पर सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और रिश्वत की राशि बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया.
हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अंबाला एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कैथल के सीवन स्थित उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) के कंज्यूमर क्लर्क (CC) संदीप गर्ग को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी पर आरोप है कि वह सोलर सिस्टम की फाइलें जारी करने के बदले एक वेंडर से रिश्वत मांग रहा था. शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने ट्रैप लगाकर कार्रवाई को अंजाम दिया. जानकारी के अनुसार, आरोपी संदीप गर्ग ने दो अलग-अलग सोलर सिस्टम फाइलों को आगे बढ़ाने के लिए 2,500-2,500 रुपये यानी कुल 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने पूरी योजना बनाकर जाल बिछाया. जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय रकम आरोपी को दी, पहले से मौजूद टीम ने उसे कैथल के मॉडल टाउन स्थित उसके आवास पर ही रंगेहाथ पकड़ लिया. कार्रवाई के दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो ने मौके पर सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और रिश्वत की राशि बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया. बताया जा रहा है कि संदीप गर्ग पिछले करीब तीन वर्षों से सीवन बिजली निगम में कंज्यूमर क्लर्क के पद पर तैनात था. स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह लंबे समय से उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान करता था और विभिन्न कार्यों के लिए रिश्वत की मांग करता था. इस कार्रवाई के बाद बिजली निगम कार्यालय में हड़कंप मच गया. ACB अधिकारियों ने आरोपी से जुड़े दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की भी जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने पहले भी इस तरह की कितनी अवैध वसूली की है या इसमें कोई अन्य कर्मचारी भी शामिल था. मामले की जांच जारी है.
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at zeenews
