Agra News: बंदरों के काटने से दो महिलाओं समेत बालिका घायल

पिनाहट। कस्बे और ग्रामीण क्षेत्र में बंदरों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को बंदरों के काटने से दो महिलाएं और एक बालिका घायल हो गईं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी रेबीज टीका लगवाया गया।कस्बा पिनाहट के पूरनपुरा निवासी अनीता पत्नी प्रमोद और मंजू शुक्रवार को घर पर काम कर रही थीं। इसी दौरान बंदरों के झुंड ने काटकर दोनों को घायल कर दिया। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और डंडों की मदद से बंदरों को भगाया। इसके बाद दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी रेबीज की डोज लगाई गई। उधर, थाना बसई अरेला क्षेत्र के गांव अरनोटा निवासी आठ वर्षीय नेसी पुत्री नरेंद्र को घर के बाहर खेलते समय बंदर ने काट लिया। परिजन उसे स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने एंटी रेबीज टीका लगाया। वहीं, किरावली तहसील क्षेत्र के गांव खेड़ा बाकंदा में बंदरों के काटने से सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक राजन सिंह घायल हो गए। वह शुक्रवार शाम घर के बाहर खाट पर बैठे थे, तभी चार-पांच बंदरों ने उनके हाथ पर कई जगह काट लिया। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरावली ले गए, जहां एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया।
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at amarujala
