Crime·

Agra News: पाक टोला के छह मकानों में दरारें हुई चौड़ी, लोगों में दहशत

Agra News: पाक टोला के छह मकानों में दरारें हुई चौड़ी, लोगों में दहशत

पाक टोला के छह मकानों में दरारें हुई चौड़ी, लोगों में दहशत

आगरा। ताजगंज के पाक टोला में पातीराम बगीची में नाला ढहने से धंसी सड़क के कारण आसपास के घरों में दरारें आ गई हैं। बृहस्पतिवार शाम तक यह दरारें और चौड़ी हो गईं। नींव में नाले का पानी जाने के कारण मकानों के गिरने का खतरा है, जिस वजह से लोग दहशत में है। क्षेत्र के लोगों ने नगर निगम से घरों में आई दरारों का समाधान कराने और तत्काल मरम्मत शुरू करने की मांग की है। पातीराम बगीची क्षेत्र में घरों के बीच से निकले 70 साल पुराने नाले की दीवार गिरने से हुए कटान के कारण सड़क समा गई थी। पानी के तेज बहाव के नींव में जाने से इस क्षेत्र के छह मकानों में दरारें आ गईं, जो बृहस्पतिवार को और चौड़ी हो गईं। इन घरों में रहने वाले लोगों ने नजदीक रह रहे रिश्तेदारों के घर शरण ली है। क्षेत्रीय निवासी रवि कुमार ने बताया कि उनके मकान टूटने के कगार पर हैं। बारिश हुई तो मकान ढह जाएगा। यही हाल अन्य घरों का है। नगर निगम ने तत्काल मरम्मत शुरू न कराई तो बड़ा हादसा हो सकता है। गुडडू ने बताया कि पाकटोला का नाला कई जगह से टूटा है। दीवार टूटने से सीधा घर की नींव से पानी टकराकर मिट्टी का कटान कर रहा है। इससे घर की दीवारों में आई दरारें चौड़ी हो गईं हैं, जो बेहद खतरनाक हैं। क्षेत्रीय पार्षद हेमेंद्र पाल सिंह ने कहा कि नगर निगम ने धंसी सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। यह नाला आरसीसी से बनाने के लिए नगर आयुक्त से मांग की है। कार्यकारिणी में मेयर हेमलता दिवाकर से भी मांग की है। मकानों की मरम्मत का काम भी निगम को ही कराना चाहिए, क्योंकि उनकी लापरवाही से ही नाले की दीवार टूटी है।

This is a summary. Read the full article at the original source.

Read full article at amarujala