Barabanki News: बिजली की मांग घटी तो सुधरी आपूर्ति, ट्रिपिंग और फॉल्ट में आई कमी

बिजली की मांग घटी तो सुधरी आपूर्ति, ट्रिपिंग और फॉल्ट में आई कमी
बाराबंकी। जिले में बिजली की मांग कम होने का सीधा असर बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। पिछले कुछ दिनों की तुलना में फॉल्ट और ट्रिपिंग की घटनाओं में कमी आने से उपभोक्ताओं को अपेक्षाकृत बेहतर बिजली आपूर्ति मिल रही है। पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों का कहना है कि लोड घटने से वितरण नेटवर्क पर दबाव कम हुआ है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था में सुधार आया है। कुछ दिन पहले जिले में बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर करीब 434 एमवीए (मेगा वोल्ट एंपियर) तक पहुंच गई थी। लगातार बढ़े लोड के कारण कई फीडरों पर ओवरलोडिंग की स्थिति बनी रही, जिससे बार-बार ट्रिपिंग और तकनीकी फॉल्ट की समस्या सामने आ रही थी। मौसम में बदलाव और बिजली की खपत कम होने के बाद अब मांग में गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को जिले की बिजली मांग 297 एमवीए रही, जबकि बुधवार को यह 316 एमवीए दर्ज की गई। मांग में कमी आने से उपकेंद्रों और फीडरों पर दबाव कम हुआ है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक स्थिर हुई है। बृहस्पतिवार को शहर में सामान्य दिनों की अपेक्षा ट्रिपिंग की घटनाएं काफी कम रहीं। अधिशासी अभियंता घनश्याम त्रिपाठी का कहना है कि मांग नियंत्रित रहने पर आगे भी बिजली आपूर्ति सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि स्थानीय स्तर पर होने वाले तकनीकी फॉल्ट की स्थिति में मरम्मत कार्य जारी रहेगा।
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at amarujala
