BITS पिलानी में दाखिले का झांसा देकर 46 लाख ठगने वाला BTech छात्र लखनऊ में गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बिट्स-पिलानी में दाखिला कराने के नाम पर एक महिला से 46 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में बीटेक के एक छात्र को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी यशराज बाजपेयी (21) दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है। यशराज को यहां चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह कथित रूप से शहर छोड़ने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में 20 अगस्त को आईआईएम रोड स्थित एल्डिको टाउन निवासी डॉ. किरण चौबे की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) किरण यादव ने बताया कि आरोपी और उसके साथियों ने फेसबुक तथा इंस्टाग्राम पर फर्जी शैक्षणिक परामर्श अकाउंट के माध्यम से प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों में दाखिला दिलाने का झांसा दिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने दाखिले और पंजीकरण शुल्क के नाम पर बैंक हस्तांतरण और नकद के जरिए पैसे लिए तथा पीड़िता का भरोसा जीतने के लिए फर्जी दाखिला पत्र, रसीद और अन्य जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता से कुल 46 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोपियों ने पीड़ित महिला की बेटी को बिट्स-पिलानी में दाखिला दिलाने का झांसा दिया था। पुलिस ने बताया कि यशराज बाजपेयी और उसके साथियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग नामों, मोबाइल नंबरों और बैंक खातों का इस्तेमाल किया तथा इसी माध्यम से रकम का हस्तांतरण किया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
ONLY AVAILABLE IN PAID PLANS
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at prabhasakshi
