फोटोग्राफी का क्रेज पहुंचा हद पार, कैमरे जैसा बनवाया पूरा मकान, बेटों के नाम भी रखे Canon, Nikon और Epson!

फोटोग्राफी के प्रति एक शख्स का ऐसा जुनून देखकर हर कोई हैरान है. उसने अपना घर कैमरे की शक्ल में बनवाया और बेटों के नाम भी Canon, Nikon और Epson रख दिए.
हर इंसान अपने सपनों का घर बनाना चाहता है. कोई बड़ा बंगला बनवाता है, कोई मॉडर्न डिजाइन चुनता है, तो कोई अपने घर को ऐसी पहचान देना चाहता है कि लोग उसे देखते ही याद रखें. लेकिन कर्नाटक के एक शख्स ने अपने घर को जिस अंदाज में तैयार कराया है, उसे देखकर हर कोई चौंक जाता है. फोटोग्राफी के प्रति उनका जुनून इतना गहरा है कि उन्होंने पूरा घर ही कैमरे की शक्ल में ही बनवा दिया. पहली नजर में यह किसी आलीशान मकान से ज्यादा एक विशाल 3D कैमरा दिखाई देता है. सोशल मीडिया पर इस अनोखे घर का वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है. कंटेंट क्रिएटर प्रियम सारस्वत ने जब इस घर की झलक अपने इंस्टाग्राम @priyamsaraswat पर शेयर की, तो देखते ही देखते वीडियो लाखों नहीं बल्कि करोड़ों लोगों तक पहुंच गया. लोगों को सबसे ज्यादा हैरानी इस बात की है कि सिर्फ घर ही नहीं, बल्कि इस परिवार की जिंदगी का हर हिस्सा फोटोग्राफी से जुड़ा हुआ है. दूर से देखने पर लगता है विशाल कैमरा घर का नाम ‘CLICK’ रखा गया है. बाहर से देखने पर ऐसा लगता है मानो किसी ने एक बड़ा कैमरा सड़क किनारे खड़ा कर दिया हो. घर के सामने बना बड़ा गोल लेंस असल में किचन की खिड़की है. उसके ठीक ऊपर कैमरे की फ्लैश जैसी डिजाइन बनाई गई है, जो बच्चों के कमरे की खिड़की का हिस्सा है. घर के एक तरफ एसडी कार्ड (SD Card) का डिजाइन बनाया गया है. बालकनी की रेलिंग भी साधारण लोहे की नहीं, बल्कि पुराने कैमरों में इस्तेमाल होने वाली फिल्म रील जैसी दिखाई देती है. घर की बाहरी दीवार पर बड़े अक्षरों में EPSON लिखा गया है, जिससे इसका कैमरा लुक और भी आकर्षक बन जाता है. घर के अंदर भी हर तरफ फोटोग्राफी की झलक सिर्फ बाहर ही नहीं, घर का इंटीरियर भी फोटोग्राफी की थीम पर तैयार किया गया है. बच्चों के कमरे की छत पर Google Photos के लोगो जैसा डिजाइन बनाया गया है. दूसरे बेडरूम की छत कैमरे के Settings आइकन की तरह दिखाई देती है. यहां तक कि खिड़कियों की ग्रिल में भी कैमरे के छोटे-छोटे आइकन बनाए गए हैं. घर में प्रवेश करते ही एक शोकेस नजर आता है, जिसमें पिछले करीब 30 सालों में जुटाए गए पुराने कैमरों का शानदार कलेक्शन रखा गया है. सीढ़ियों के नीचे भी फोटोग्राफी से जुड़े प्रेरणादायक संदेश लिखे गए हैं, जो इस घर को और खास बना देते हैं. View this post on Instagram A post shared by Priyam Saraswat (@priyamsaraswat) बेटों के नाम सुनकर लोग रह गए हैरान वीडियो के दौरान जब प्रियम सारस्वत ने परिवार की तस्वीर देखकर पूछा कि क्या उनके तीन बेटे हैं, तो घर के मालिक ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “हां, और उनके नाम हैं कैनन (Canon), निकॉन (Nikon) और एप्सन (Epson).” यह जवाब सुनकर प्रियम भी हैरान रह गए. उन्होंने सबसे छोटे बेटे से पूछा कि क्या स्कूल में दोस्त उसके नाम को लेकर मजाक उड़ाते हैं? बच्चे ने हंसते हुए कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं होता. यह जवाब सुनकर लोग भी परिवार की सोच की तारीफ करने लगे. छोटे प्लॉट पर बनाया गया अनोखा सपना इस घर का डिजाइन तैयार करने में सबसे बड़ी भूमिका घर के मालिक के जीजा की रही. उन्होंने बताया कि शुरुआत में जब उन्हें कैमरे जैसा घर बनाने का विचार बताया गया, तो उन्हें भी भरोसा नहीं हुआ कि इतना छोटा प्लॉट इस डिजाइन को संभाल पाएगा. करीब 1100 वर्गफुट की जगह में पति-पत्नी, तीन बच्चों और मेहमानों के लिए पर्याप्त जगह निकालना आसान नहीं था. ऊपर से कैमरे जैसा लुक देना भी बड़ी चुनौती थी. लेकिन काफी मेहनत, प्लानिंग और कई बार डिजाइन बदलने के बाद आखिरकार यह सपना पूरा हुआ. मजाक करते हुए इंजीनियर जीजा ने कहा- “ये मेरी पत्नी के भाई हैं, इसलिए मुझे अच्छा घर बनाना ही था.” उनकी यह बात सुनकर वीडियो देखने वाले भी मुस्कुरा उठे. बेटे का भावुक संदेश जीत रहा लोगों का दिल वीडियो वायरल होने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा घर के बड़े बेटे कैनन के एक कमेंट की हो रही है. उसने लिखा कि इस घर का हर रंग, हर डिजाइन और हर छोटी-बड़ी चीज पूरे परिवार ने मिलकर तय की है. कई रातों तक बैठकर उन्होंने इसकी योजना बनाई और आज उनकी सालों की मेहनत सफल हुई है. कैनन ने अपने माता-पिता का धन्यवाद करते हुए लिखा कि यह सिर्फ ईंट-पत्थरों से बना घर नहीं, बल्कि पूरे परिवार का सपना है, जिसे सबने मिलकर साकार किया है. उसने वीडियो बनाने वाले प्रियम सारस्वत का भी आभार जताया कि उन्होंने इस खास सफर को दुनिया तक पहुंचाया. यह अनोखा घर एक बार फिर साबित करता है कि जब किसी इंसान को अपने शौक से सच्चा प्यार होता है, तो वह उसे अपनी जिंदगी के हर हिस्से में उतार देता है. यही वजह है कि आज यह कैमरा हाउस सोशल मीडिया पर लाखों लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at hindinews18
