DCP दीपमाला कश्यप ने किया पैदल मार्च, 80 लोगों पर की कार्रवाई

Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट के उत्तर ज़ोन में विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशन में संचालित इस अभियान के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पैदल मार्च किया गया। साथ ही विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 80 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।यह अभियान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर ज़ोन) आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों की रोकथाम करना और असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना था। अभियान के दौरान डीसीपी दीपमाला कश्यप स्वयं पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ उत्तर ज़ोन के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च पर निकलीं। उन्होंने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आम नागरिकों और व्यापारियों से संवाद कर उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही थाना प्रभारियों को असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष अभियान के दौरान उत्तर ज़ोन के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 80 लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। इनमें 32 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं 170/126 और 135(3) के तहत कार्रवाई की गई। इन धाराओं के माध्यम से संभावित कानून-व्यवस्था संबंधी स्थितियों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।इसके अलावा आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत 18 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ से जुड़े एक मामले में अपराध पंजीबद्ध किया गया। इसके अतिरिक्त 29 व्यक्तियों को बाउंडओवर किया गया, ताकि भविष्य में उनके द्वारा शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका को रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी गई। सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार जांच और निगरानी के माध्यम से अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की गई।रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अपराधियों, नशा तस्करों, असामाजिक तत्वों और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और अपराध मुक्त समाज की स्थापना करना है। डीसीपी दीपमाला कश्यप ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना रायपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस और जनता के सहयोग से ही सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराधमुक्त शहर का निर्माण संभव है।
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at jantaserishta
