Dharamshala: बिक्रम ठाकुर का आरोप, राजनीतिक बदले की भावना से हो रही कार्रवाई

विपक्ष के खिलाफ कार्रवाई पर बिक्रम ठाकुर का सरकार पर बड़ा हमला
धर्मशाला: जसवां-परागपुर से भाजपा विधायक एवं पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह के विरुद्ध विजिलेंस द्वारा दर्ज मामले को राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब कानून का शासन नहीं, बल्कि राजनीतिक बदले की भावना से सरकार चल रही है। विपक्ष के नेताओं को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है, जबकि सत्ता से जुड़े मामलों में सरकार पूरी तरह मौन है। बुधवार को जारी एक प्रेस बयान में बिक्रम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश में एक गलत राजनीतिक ट्रेंड स्थापित कर रहे हैं, जो लोकतंत्र और स्वस्थ राजनीति दोनों के लिए बेहद घातक है। यदि सरकार वास्तव में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई करना चाहती है तो जांच समान नीति से होनी चाहिए, न कि राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से। आज स्थिति यह है कि सरकार के विरोध में आवाज उठाने वालों पर तुरंत एफआईआर और विजिलेंस की कार्रवाई होती है, लेकिन सत्ता पक्ष से जुड़े गंभीर मामलों पर सरकार आंखें मूंद लेती है। उन्होंने कहा कि देहरा उपचुनाव के दौरान महिला मंडलों के खातों में 50-50 हजार रुपये डाले जाने के मामले में भाजपा ने गंभीर शिकायतें कीं। पूरे प्रदेश ने देखा कि सरकारी तंत्र का किस प्रकार चुनावी लाभ के लिए इस्तेमाल किया गया। आज तक उस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई, न किसी अधिकारी पर कार्रवाई हुई और न ही किसी जिम्मेदार व्यक्ति से जवाब मांगा गया। आखिर मुख्यमंत्री बताएं कि उस मामले में विजिलेंस की सक्रियता क्यों नहीं दिखाई दी? क्या कानून केवल विपक्ष के लिए है? उन्होंने कहा कि होशियार सिंह वर्षों से अपने निजी संसाधनों से गरीबों, जरूरतमंदों और असहाय परिवारों की निस्वार्थ सहायता करते आए हैं। उनके जनसेवा के कार्यों से पूरा क्षेत्र परिचित है। ऐसे व्यक्ति की छवि खराब करने के लिए सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल करना लोकतंत्र का अपमान है। बिक्रम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपनी खिसकती राजनीतिक जमीन और लगातार बढ़ते जनाक्रोश से घबराकर विपक्षी नेताओं को कानूनी मामलों में उलझाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा को निशाना बनाया गया, फिर धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा को विभिन्न मामलों में परेशान किया गया और अब पूर्व विधायक होशियार सिंह के खिलाफ विजिलेंस का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह घटनाएं अलग-अलग नहीं बल्कि राजनीतिक प्रतिशोध का सुनियोजित अभियान हैं। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश सरकार की इस प्रतिशोधात्मक राजनीति से डरने वाली नहीं है।
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at jantaserishta
