कोटा: गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर, ड्यू डेट तक E-KYC नहीं कराई तो बंद हो सकती है सब्सिडी

LPG उपभोक्ताओं को 15 अगस्त तक E-KYC प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है। कोटा शहर में अब तक करीब 85% उपभोक्ता E-KYC करा चुके हैं। तय समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने वालों को सब्सिडी वाले सिलेंडर की बुकिंग में परेशानी हो सकती है।
LPG E-KYC Last Date 15th August: एलपीजी गैस सिलेंडर का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के लिए एक जरूरी सूचना है। ऑयल कंपनियों ने सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों से 15 अगस्त तक अपनी ई-केवाईसी (E-KYC) प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। यदि तय समय तक ई-केवाईसी नहीं कराई गई, तो उपभोक्ताओं को सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की बुकिंग में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। 85% उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कोटा शहर में अब तक करीब 85 प्रतिशत उपभोक्ता ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। वहीं जिन लोगों ने अभी तक यह प्रक्रिया नहीं कराई है उनसे जल्द से जल्द अपनी नजदीकी गैस एजेंसी पर जाकर ई-केवाईसी कराने की अपील की गई है। गैस एजेंसियों का कहना है कि अंतिम समय में भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है इसलिए उपभोक्ता समय रहते यह काम पूरा कर लें। हाड़ौती कोटा एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने बताया कि ई-केवाईसी सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए अनिवार्य है। इस संबंध में गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं को मोबाइल पर मैसेज भेजने शुरू कर दिए हैं ताकि अधिक से अधिक लोग समय पर यह प्रक्रिया पूरी कर सकें। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष चन्द्रेश शर्मा ने बताया कि गैस एजेंसियों के कर्मचारी फोन के माध्यम से भी उपभोक्ताओं से संपर्क कर रहे हैं। उन्हें ई-केवाईसी की अनिवार्यता की जानकारी दी जा रही है और 15 अगस्त से पहले यह प्रक्रिया पूरी कराने का आग्रह किया जा रहा है। हालांकि जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी नहीं होगी, उन्हें गैस सिलेंडर किस कीमत पर मिलेगा या सब्सिडी पूरी तरह बंद होगी या नहीं इस बारे में अभी तक ऑयल कंपनियों की ओर से कोई अंतिम निर्णय जारी नहीं किया गया है। फिलहाल इतना स्पष्ट किया गया है कि बिना ई-केवाईसी के सब्सिडी वाले सिलेंडर की बुकिंग संभव नहीं होगी। गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए अंतिम तिथि का इंतजार न करें। समय रहते ई-केवाईसी पूरी कर लेने से गैस सिलेंडर की बुकिंग और सब्सिडी से जुड़ी सेवाएं बिना किसी रुकावट के मिलती रहेंगी। ऐसे में सभी एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए 15 अगस्त से पहले ई-केवाईसी कराना बेहद जरूरी है।
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at patrika
