धनबाद के मनियाडीह में मुठभेड़, आरोपी अस्पताल में भर्ती:एएसआई का पिस्टल छीना, जवाबी फायरिंग में पुलिस ने पैर में मारी गोली
धनबाद के मनियाडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार रात प्रताप हत्याकांड के आरोपी शंकर डे और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। नवादा जंगल के पास भौरा घाटी में शंकर ने एक एएसआई का पिस्टल छीनकर पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। घायल शंकर को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ बंगाल, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हत्या, लूट और डकैती के 18 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने शंकर को मैथन में जांच के दौरान पकड़ा था। इसके बाद टीम उसे हथियार बरामद करने नवादा जंगल ले गई। इसी दौरान उसने एएसआई का पिस्टल छीन लिया और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जंगल में मिला था गोली से छलनी शव : 18 जुलाई को नवादा जंगल में गोली से छलनी एक युवक का शव मिला था। उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में गोंदूडीह निवासी प्रताप की पत्नी ने पति की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और शंकर पर संदेह जताया। पत्नी के अनुसार, प्रताप के मोबाइल पर आखिरी कॉल शंकर का आया था। पुलिस ने इस आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शंकर ने जंगल में मिले शव की पहचान प्रताप के रूप में की और उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि हत्या में इस्तेमाल हथियार जंगल में फेंक दिया था। हालांकि, हत्या की वजह का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस को लेनदेन के विवाद का संदेह है। कई राज्यों में दर्ज हैं आपराधिक मामले पुलिस के अनुसार, शंकर डे दुर्गापुर का रहने वाला है। उसके खिलाफ बंगाल, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में हत्या, लूट व डकैती समेत 18 से अधिक मामले दर्ज हैं। बनारस में भी उसके खिलाफ मामले हैं। पुलिस प्रताप के साथ उसके संबंधों और हत्या के कारणों की जांच कर रही है।
This is a summary. Read the full article at the original source.

