Politics·

संशोधित- जनसमस्याओं का एक सप्ताह में करें समाधान, वरना सख्त कार्रवाई : धामी

संशोधित- जनसमस्याओं का एक सप्ताह में करें समाधान, वरना सख्त कार्रवाई : धामी

शून्य प्रतिशत कार्रवाई वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर कड़ी कार्रवाई की जाए।

देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर मिलने वाली लंबित जन शिकायतों का समाधान हर हाल में एक सप्ताह के भीतर करने, वरना संबंधित अफसरों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि शून्य प्रतिशत कार्रवाई वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर कड़ी कार्रवाई की जाए।मुख्यमंत्री धामी ने बृहस्पतिवार को सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन से जुड़ीं शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही और उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों की जवाबदेही हर स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी। निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर प्राप्त हर जनशिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण व संतोषजनक निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पेयजल व जल जीवन मिशन से संबंधित सबसे अधिक लंबित शिकायतों पर कड़ी नाराजगी जताई। एक सप्ताह में शिकायतों का निस्तारण न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने कहा, शिकायतों को लेकर जिन अधिकारियों की कार्रवाई शून्य प्रतिशत है, उन्हें संबंधित विभागाध्यक्ष तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करें। यदि संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होता है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। जिन शिकायतों का निर्धारित समयावधि में समाधान नहीं हो पा रहा है, उनकी नियमित समीक्षा विभागाध्यक्ष व जिलाधिकारी स्तर पर की जाए। बैठक में राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रुहेला, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, एल फैनई, डॉ.आर मीनाक्षी सुंदरम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ......हर सोमवार को जिला, मंडल व शासन स्तर पर अधिकारी करेंगे जनसुनवाईमुख्यमंत्री ने कहा, प्रत्येक सोमवार को जिला स्तर पर जिलाधिकारी, मंडल स्तर पर दोनों मंडलायुक्त और शासन स्तर पर सभी सचिव समाधान दिवस के माध्यम से जन समस्याओं की नियमित सुनवाई करें। समाधान दिवस को प्रभावी जनसेवा मंच के रूप में विकसित किया जाए, इसकी नियमित निगरानी करें। उन्होंने आईएएस, आईपीएस, आईएफएस अधिकारियों को जन सुविधाओं पर नवाचार के लिए पूर्व में दिए गए निर्देश पर नवाचारों की सूची 50 दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जाए।.........4061 शिकायतें लंबितबैठक में सचिव डॉ.पंकज पांडेय ने अवगत कराया कि 18 अप्रैल से 28 जुलाई 2026 तक मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर कुल 67,843 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 20,461 शिकायतों का पूर्ण निस्तारण किया गया। जबकि 31,363 का आंशिक निस्तारण, 7,404 शिकायतें प्रक्रियाधीन, 4,061 शिकायतें लंबित और 3,738 शिकायतें स्पेशल क्लोज श्रेणी में हैं। इस अवधि में स्पेशल क्लोज की दर घटकर 5.5 प्रतिशत रह गई है, जो पूर्व अवधि की तुलना में उल्लेखनीय सुधार को दर्शाती है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की संख्या में वृद्धि हुई है, जबकि प्रमुख विभागों में शिकायतों के औसत निस्तारण समय में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है।.........सीएम ने शिकायतकर्ताओं को किया फोन बैठक में सीएम धामी ने फोन कर शिकायतकर्ताओं को फोन कर समस्या का समाधान के बारे में पूछा। अल्मोड़ा के मोहम्मद सलमान ने बताया कि कूड़ा निस्तारण संबंधी उनकी शिकायत का समाधान हो गया है। उन्होंने नाली निर्माण की समस्या भी बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा को 24 घंटे के भीतर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। टिहरी के आकाश रमोला ने बताया कि चंबा स्थित सुमन कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति संबंधी उनकी शिकायत का समाधान हो गया है। हरिद्वार के जुल्फिकार खान ने राजस्व विभाग से संबंधित समस्या बताने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने ऊधमसिंह नगर के नजम खान व अल्मोड़ा के नंदन सिंह से भी बातचीत की। दोनों शिकायतकर्ताओं ने हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी शिकायतों का समाधान के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

This is a summary. Read the full article at the original source.

Read full article at amarujala