सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखने का लिया संकल्प
यूजीसी रोलबैक, आरक्षण व्यवस्था में आवश्यक सुधार व ईडब्ल्यूएस के नियमों के सरलीकरण की मांग को लेकर राष्ट्रीय करणी सेना के प्रांतीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना की ओर से जन-जागृति के उद्देश्य से निकाली गई लगभग 600 किलोमीटर की पैदल यात्रा का समापन सोमवार को जयपुर में आयोजित आमसभा के साथ संपन्न हुआ। सभा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों युवा व जागरूक नागरिक भाग लेकर अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित की। रामपुरा के पूर्व सरपंच महेश सिंह, सपोटरा से गजेंद्र सिंह अरडूदा, राजेश पाल मनोहरपुरा व राष्ट्रीय करणी सेना के संभाग अध्यक्ष सुधीर सिंह बिनेगा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा और जागरूक नागरिक विभिन्न साधनों से जयपुर के लिए रवाना हुए। रवाना होने से पूर्व सभी ने अपनी मांगों के समाधान तक शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने यूजीसी रोल बैक के समर्थन में नारे लगाए। इस अवसर पर डॉ. देव कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार को ऐसे प्रावधानों और नीतियों की गंभीरता से समीक्षा करनी चाहिए, जिनके संबंध में समाज के विभिन्न वर्गों की ओर से व्यापक स्तर पर आपत्तियां और आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते विभिन्न पक्षों से संवाद स्थापित कर संतुलित समाधान नहीं निकाला गया तो इससे सामाजिक समरसता, पारस्परिक विश्वास और सौहार्द पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि जयपुर के रावण गेट पर आयोजित आमसभा के बाद राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपकर यूजीसी रोलबैक, आरक्षण में सुधार व ईडब्ल्यूएस नियमों के सरलीकरण की मांग की जाएगी। पूर्व सरपंच महेश सिंह ने कहा कि यह जन-जागृति अभियान किसी वर्ग के विरोध का नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और समाज में स्थाई समरसता बनाए रखने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। जयपुर के लिए रवाना होने वालों में महेश उपाध्याय, विनोद कुमार शर्मा, सूबेदार पूरन सिंह सिकरवार, राम सहाय पाराशर, महेश शर्मा, सोनू बना, धरमू बना, राहुल सिंह, सोनू बना, प्रदीप, अवधेश बना, कान्हा बना, धर्मेंद्र सिंह, प्रताप सिंह, नरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
ONLY AVAILABLE IN PAID PLANS
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at bhaskar_hindi
