Top·

मिलिंद सोमन बचपन से नहीं पीते चाय-कॉफी, क्या यह आदत सेहत के लिए फायदेमंद है? डाइटिशियन से जानिए जवाब

मिलिंद सोमन बचपन से नहीं पीते चाय-कॉफी, क्या यह आदत सेहत के लिए फायदेमंद है? डाइटिशियन से जानिए जवाब

मिलिंद सोमन ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने बचपन से कभी चाय या कॉफी पीने की आदत नहीं डाली। लेकिन क्या ऐसा करना सेहत के लिए बेहतर है? डाइटिशियन अमरीन शेख से जानिए इसके फायदे, नुकसान और हेल्दी विकल्प।

फिटनेस आइकन मिलिंद सोमन अपनी हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उनका एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने बताया था कि उन्हें बचपन से ही चाय और कॉफी पीने की आदत नहीं है। उन्होंने इंटरव्यू के दौरान बातचीत में कहा था, "मैंने बचपन से कभी चाय या कॉफी पीने की आदत नहीं डाली।" ऐसे में सवाल उठता है कि क्या चाय और कॉफी न पीना सेहत के लिए बेहतर है? या फिर इन्हें सीमित मात्रा में पीना भी सुरक्षित माना जाता है? इस बारे में इंडियन एक्सप्रेस की टीम ने ठाणे के KIMS हॉस्पिटल की चीफ डाइटिशियन अमरीन शेख से बातचीत की। आइए जानें इसके बारे में। क्या चाय और कॉफी न पीना ज्यादा फायदेमंद है? डाइटिशियन अमरीन शेख कहती हैं कि ऐसा जरूरी नहीं है। उनके मुताबिक, अगर चाय और कॉफी सीमित मात्रा में पी जाए, तो ये भी हेल्दी लाइफस्टाइल का हिस्सा हो सकती हैं। वह बताती हैं कि चाय और कॉफी दोनों में एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। ये शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद करते हैं। साथ ही इनका सीमित सेवन सतर्कता, ध्यान लगाने की क्षमता बढ़ाने और कुछ पुरानी बीमारियों के खतरे को कम करने से भी जुड़ा हुआ है। हालांकि, इसका फायदा तभी मिलता है जब इनका सेवन संतुलित मात्रा में किया जाए। कब नुकसान पहुंचा सकती है चाय और कॉफी? अमरीन शेख के मुताबिक, अगर दिनभर में बहुत ज्यादा चाय या कॉफी पी जाती है या उसमें ज्यादा चीनी, क्रीमर या दूसरी चीजें मिलाई जाती हैं, तो इसके फायदे कम और नुकसान ज्यादा हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ लोग कैफीन के प्रति ज्यादा संवेदनशील होते हैं। ऐसे लोगों को कम मात्रा में भी चाय या कॉफी पीने पर ये दिक्कतें हो सकती हैं। उनके अनुसार, ज्यादा कैफीन लेने से कुछ लोगों में कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। जैसे नींद आने में दिक्कत, बेचैनी या घबराहट, एसिडिटी, दिल की धड़कन तेज होना या फिर पेट से जुड़ी परेशानी होना। चाय-कॉफी पीने का समय भी है जरूरी अमरीन शेख के मुताबिक, सिर्फ मात्रा ही नहीं बल्कि समय भी मायने रखता है। अगर आप शाम या रात में स्ट्रॉन्ग चाय या कॉफी पीते हैं, तो इससे आपकी नींद पर असर पड़ सकता है। अच्छी तरह नींद आने से लेकर कई बार यह पूरी सेहत पर असर डाल सकता है। अगर चाय-कॉफी नहीं पीते तो क्या शरीर को कोई कमी होती है? डाइटिशियन अमरीन शेख साफ कहती हैं कि चाय और कॉफी शरीर की जरूरी पोषण संबंधी जरूरत नहीं हैं। इनमें मिलने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स फल, सब्जियां, मेवे, बीज और कई तरह की जड़ी-बूटियों से भी आसानी से मिल सकते हैं। अगर आपकी डाइट संतुलित है, तो सिर्फ चाय या कॉफी न पीने से शरीर में किसी खास पोषक तत्व की कमी नहीं होती। चाय और कॉफी की जगह क्या पिएं? अगर आप चाय या कॉफी नहीं पीते या इनका सेवन कम करना चाहते हैं, तो अमरीन शेख कुछ हेल्दी विकल्प अपनाने की सलाह देती हैं। आप चाय-कॉफी की बजाए हर्बल टी या हर्बल ड्रिंक ले सकते हैं। इसके अलावा नींबू पानी, नारियल पानी, छाछ पी सकते हैं। इसके अलावा कैमोमाइल, पेपरमिंट और अदरक से बने हर्बल ड्रिंक भी बिना कैफीन के अच्छे विकल्प हो सकते हैं। चाय और कॉफी पीना या न पीना पूरी तरह आपकी पसंद और शरीर की जरूरत पर निर्भर करता है। अगर आप इन्हें सीमित मात्रा में पीते हैं, तो ये हेल्दी लाइफस्टाइल का हिस्सा हो सकती हैं। वहीं अगर आप मिलिंद सोमन की तरह चाय और कॉफी नहीं पीते, तो भी चिंता की बात नहीं है। Also Readफैट कम करने के लिए कौन-सा कार्डियो करें? फिटनेस ट्रेनर ने बताए 3 तरीके, कहा- अपने लक्ष्य के हिसाब से चुनें DISCLAIMER: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और एक्सपर्ट की राय के आधार पर तैयार किया गया है। किसी भी तरह की डाइट या लाइफस्टाइल में बड़ा बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह जरूर लें।

This is a summary. Read the full article at the original source.

Read full article at jansatta