Top·

हजारीबाग सड़क हादसे में बाइक सवार की गई जान

हजारीबाग सड़क हादसे में बाइक सवार की गई जान

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बरही थाना क्षेत्र के हजारीबाग रोड स्थित करसो पुल के समीप...

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बरही थाना क्षेत्र के हजारीबाग रोड स्थित करसो पुल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। मृतक की पहचान बड़कागांव थाना क्षेत्र के बादम पंचायत अंतर्गत रूदी (चटनियां) गांव निवासी 40 वर्षीय तस्व्बर अंसारी के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, तस्व्बर अंसारी अपने घर से बाइक पर कोयले के बोरे लादकर बरही चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान करसो पुल के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बाइक का चेन भी लॉक हो गया, जिसके कारण युवक सड़क पर करीब 15 फीट तक घिसटता चला गया। इस दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की हालत काफी गंभीर हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल बरही पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया।हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार और गांव के लोग बड़कागांव से बरही पहुंचे। परिजनों के पहुंचते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियों समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि तस्व्बर अंसारी परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की आय पर ही परिवार की आर्थिक व्यवस्था निर्भर थी। अचानक हुई इस मौत से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरही पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। पुलिस अब हादसे की जांच में जुट गई है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।मृतक के परिजन दुर्घटना को लेकर बरही थाना में आवेदन देने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ते सड़क हादसों को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहन और लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। करसो पुल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग भी की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है। एक परिवार का सहारा छिन जाने से पूरे इलाके में दुख का माहौल बना हुआ है।

This is a summary. Read the full article at the original source.

Read full article at jantaserishta