पेपर लीक पर हरियाणा के दादरी में कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुशील कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
पेपर लीक मामले, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर कथित लाठीचार्ज और राहुल गांधी समेत इंडिया गठबंधन के नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को चरखी दादरी में कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन किया. कांग्रेस नेताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रोज गार्डन से लघु सचिवालय तक मार्च निकाला और उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा. प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान लघु सचिवालय परिसर में उस समय अलग स्थिति देखने को मिली, जब प्रदर्शनकारी उपायुक्त से मिलने के लिए काफी देर तक मुख्य गेट पर इंतजार करते रहे. बाद में प्रशासन की ओर से प्रतिनिधिमंडल को कार्यालय में बुलाने का संदेश मिला. इस पर कुछ कार्यकर्ता अंदर जाकर ज्ञापन देने के पक्ष में थे, जबकि कुछ ने इसका विरोध किया. इसी बात को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच बहस हुई और मौके पर गुटबाजी भी खुलकर सामने आई. कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुशील कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनके साथ सख्ती बरती गई. कांग्रेस का आरोप है कि छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए. कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा. प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग की. सुरेंद्र सिंह की रिपोर्ट
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at zeenews
