बुलंदशहर में मारपीट में युवक की मौत:एसएसपी ने थाना प्रभारी लाइन हाजिर, दो दरोगा को किया निलंबित
बुलंदशहर के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद जगदीशपुर गांव में 31 जुलाई को हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक धर्मवीर उर्फ डीपी की मेरठ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ा दी हैं। मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया, जबकि दो उपनिरीक्षकों को निलंबित कर दिया है। शराब पीने से रोकने पर हुआ विवाद एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि 31 जुलाई को नौरंगाबाद जगदीशपुर गांव में एक परचून की दुकान के पास कुछ युवक शराब पी रहे थे। दुकानदार द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। इसी दौरान वहां मौजूद धर्मवीर उर्फ डीपी ने बीच-बचाव करते हुए विरोध किया, जिससे नाराज युवकों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान धर्मवीर के सिर में गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हत्या की धाराएं बढ़ीं, मुख्य आरोपी गिरफ्तार घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। धर्मवीर की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं। एसपी देहात ने बताया कि मुख्य नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, कुछ अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्वाट टीम सहित तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। लापरवाही पर थाना प्रभारी लाइन हाजिर, दो दरोगा निलंबित मामले में पुलिस स्तर पर बरती गई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने अहमदगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक विशंभर दयाल गंगवार को समय पर उचित कार्रवाई न करने और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों से छिपाने के आरोप में तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। इसके अलावा, उपनिरीक्षक मनीष और उपनिरीक्षक सतीश को भी लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ONLY AVAILABLE IN PAID PLANS
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at bhaskar_hindi
