Environment·

लेपर्ड ने किया सूअर का शिकार:पास में घूम रहे सूअरों के झुंड पर घात लगाकर बैठा रहा, मौका मिलते ही मारा झपट्टा

लेपर्ड ने किया सूअर का शिकार:पास में घूम रहे सूअरों के झुंड पर घात लगाकर बैठा रहा, मौका मिलते ही मारा झपट्टा

पाली जिले के सादड़ी थाना क्षेत्र में लेपर्ड ने सूअर का शिकार कर लिया। हमले का सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें लेपर्ड जंगल में घात लगाकर बैठा हुआ नजर आ रहा है। इस दौरान सूअरों का एक झुंड वहां से निकलता है। घात लगाकर बैठे लेपर्ड ने मौका मिलते ही सूअर के बच्चे पर झपट्टा मार दिया। शिकार की यह घटना पास बनी गोशाला के सीसीटीवी में कैद हो गई। शिकार की घटना गुरुवार रात करीब 11:34 बजे मादा गांव स्थित श्री मंगलेश्वर महादेव गोशाला के पीछे की है। पहले देखिए शिकार से जुड़ी PHOTOS गोशाला व्यवस्थापक उम्मेदसिंह रापुरोहित ने बताया- गोशाला के पीछे करीब 11:30 बजे लेपर्ड शिकार की तलाश में घूम रहा था। इस दौरान वहां से सूअरों का एक झुंड गुजरा। सूअरों को देखकर लेपर्ड दुबककर घात लगाकर बैठ गया। सीसीटीवी के अनुसार, लेपर्ड कुछ मिनट तक बिना हलचल के बैठा रहा। दो से तीन बार हमले की कोशिश में खड़ा हुआ, लेकिन शिकार निशाने पर नहीं होने से दोबारा बैठ गया। इस दौरान जब सूअरों का झुंड लेपर्ड के सामने ही घूमता रहा, तो लेपर्ड ने मौका देखकर एक सूअर के बच्चे पर झपट्टा मार दिया। गोशाला व्यवस्थापक ने बताया कि सुबह जब गोशाला के पीछे की ओर देखा, तो लेपर्ड के पैरों के निशान और मिट्टी में खून सना हुआ मिला। पास ही सूअर का बच्चा मृत मिला। देसूरी रेंजर बलदेव राम ने बताया- लेपर्ड ने रात में सूअर का शिकार कर लिया। सुबह सूचना मिली है। टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। सीसीटीवी देखकर रेंजर ने बताया कि आमतौर पर लेपर्ड सूअर का शिकार करता है। सूअरों का झुंड शायद लेपर्ड के वहां होने से अनजान था, इसीलिए आसपास घूम रहा था।

This is a summary. Read the full article at the original source.