देवरिया में वाराणसी पुलिस ने युवक को पकड़ा:सादे कपड़ों में देख ग्रामीणों ने अपहरण समझ घेरा
देवरिया के भागलपुर क्षेत्र के मईल चौराहे पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सादे कपड़ों में पहुंचे पुलिसकर्मी एक युवक को पकड़कर बोलेरो में बैठाने लगे। इस अचानक हुई कार्रवाई को देखकर स्थानीय लोगों को अपहरण की आशंका हुई और उन्होंने बोलेरो को घेरकर हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, एक बोलेरो से कुछ लोग मईल चौराहे पर पहुंचे और वहां खड़े एक युवक को पकड़कर वाहन में बैठाने लगे। चूंकि यह कार्रवाई सादे कपड़ों में की जा रही थी, इसलिए आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ कि युवक का अपहरण किया जा रहा है। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और बोलेरो को घेर लिया। बोलेरो में मौजूद लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया, लेकिन ग्रामीण उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुए। इसी बीच किसी ने मईल थाना पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास नाथ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराई। पुलिस जांच में सामने आया कि बोलेरो सवार पुलिसकर्मी वाराणसी जिले के चौबेपुर थाने से आए थे। जिस युवक को हिरासत में लिया जा रहा था, उसके खिलाफ चौबेपुर थाने में दुष्कर्म और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। उसी मामले में गिरफ्तारी के लिए वाराणसी पुलिस देवरिया पहुंची थी। मईल थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने लाकर आवश्यक पूछताछ की। स्थानीय पुलिस ने पुष्टि की कि वाराणसी पुलिस विधिक कार्रवाई के तहत आरोपी को गिरफ्तार करने आई थी। घटना के दौरान कुछ देर के लिए चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि ऐसी स्थिति में अफवाहों पर ध्यान न दें और पहले पुलिस से जानकारी प्राप्त करें।
ONLY AVAILABLE IN PAID PLANS
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at bhaskar_hindi
