SDM से बोले ग्रामीण- ऐतिहासिक मारोठ थाने को यथावत रखे:कहा- अंग्रेजों के समय से संचालित हो रहा, स्थान बदलने पर रोक की मांग
मारोठ थाना को वर्तमान स्थान से स्थानांतरित नहीं करने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने रविवार को नावा उपखंड अधिकारी हुक्मीचंद रुलानिया को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में थाने को मारोठ में ही यथावत संचालित रखने और श्यामगढ़ (सांवतगढ़) में प्रस्तावित स्थानांतरण पर रोक लगाने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि मारोठ थाना अंग्रेजों के समय से संचालित हो रहा है और लंबे समय से आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को पुलिस सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मारोठ की भौगोलिक स्थिति और आवागमन की सुविधा के कारण यह स्थान आमजन के लिए सबसे अधिक सुविधाजनक है। ग्रामीणों ने बताया कि मारोठ क्षेत्र का बड़ा राजस्व ग्राम है, जहां बैंक, सहकारी समिति, विद्यालय सहित कई सरकारी संस्थान संचालित हैं। ऐसे में थाने के स्थानांतरण से आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि श्यामगढ़ (सांवतगढ़) में थाने के लिए आवंटित 5 बीघा सरकारी भूमि का आवंटन निरस्त किया जाए। क्षेत्रवासियों ने कहा कि जनसुविधा और प्रशासनिक दृष्टि से मारोठ थाना अपने वर्तमान स्थान पर ही संचालित रहना जनहित में है। एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए लोगों ने सरकार से मारोठ थाना यथास्थान बनाए रखने और क्षेत्रवासियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
ONLY AVAILABLE IN PAID PLANS
This is a summary. Read the full article at the original source.
Read full article at bhaskar_hindi
